
यमकेश्वर 17 जुलाई
गजेंद्र सिंह
नीलकंठ न्याय पंचायत के दिउली इंटर कॉलेज प्रांगण में शुक्रवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का मुख्य उद्देश्य किसान विकास, महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में न्याय पंचायत नीलकंठ की सभी 15 ग्राम पंचायतों मराल, जुड्डा, बूंगा, सिन्दूड़ी, बिनक, भादसी, पटना, तोली, आमड़ी मल्ली, दिउली, धमान्द, जुलेडी, कोठार, फल्दाकोट एवं उमड़ा के युवा मंगल दल, महिला मंगल दल के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मेले में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। महिलाओं को स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही किसानों के लिए कृषि, बागवानी, पशुपालन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यक्रम में यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि महिलाओं एवं युवाओं को अब स्वरोजगार की दिशा में कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ लेकर महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
विधायक ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और क्षेत्र के विकास में भागीदार बनें।
मेले में मौजूद लोगों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं भी रखीं।
