
पौड़ी 20 मई
गजेंद्र सिंह
उच्च शिक्षा के बदलते परिदृश्य, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के क्रियान्वयन और युवाओं में कौशल विकास की महत्ता को रेखांकित करने के उद्देश्य से महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी व देश के प्रतिष्ठित अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दूसरे दिन ज्ञान, विमर्श और समसामयिक और प्रासंगिक विषयों पर केंद्रित इस कार्यक्रम के द्वितीय दिवस में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के शिक्षाविदों, शोधार्थियों और संकाय सदस्यों ने प्रतिभाग किया इस मौके पर औपचारिक शुरुआत मुख्य संयोजक डॉ. उमेश त्यागी के संबोधन के साथ हुई। उन्होंने सत्र की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए दोनों संस्थानों के इस साझा प्रयास को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर बताया। डॉ. त्यागी ने कहा कि इस प्रकार के अकादमिक आदान-प्रदान से न केवल प्राध्यापकों के दृष्टिकोण में व्यापकता आती है, बल्कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी वैश्विक मानकों के अनुरूप सीखने का अवसर मिलता है।
महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ योगेश शर्मा ने अपने स्वागत उद्बोधन से कार्यक्रम को गति दी। उन्होंने देश के विभिन्न अंचलों से आए मुख्य वक्ताओं, शिक्षाविदों और प्रतिभागी प्राध्यापकों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। प्राचार्य ने अपने वक्तव्य में कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय जैसी ऐतिहासिक संस्था के साथ मिलकर इस प्रकार के गंभीर विषयों पर चर्चा आयोजित करना गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दो दिनों का यह बौद्धिक विमर्श आने वाले समय में उच्च शिक्षा की दिशा तय करने में सहायक सिद्ध होगा।
