
पौड़ी 4 अगस्त
गजेंद्र सिंह
उत्तराखण्ड राज्य में 01 जुलाई, 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत मंगलवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जनपद स्तरीय पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं बीएलए-1 के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने की।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित पुनरीक्षण कार्यक्रम, 14 जुलाई, 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया तथा प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली ईआरओ एवं एईआरओ कार्यालयों, बीएलओ, जिला निर्वाचन कार्यालय तथा जनपद की वेबसाइट पर अवलोकन के लिए उपलब्ध है।
अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करने का आह्वान करते हुए कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम हटवाने के बजाय केवल वास्तविक त्रुटियों के सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने बताया कि विसंगति (एनॉमली) एवं मानचित्रण रहित (नो मैपिंग) श्रेणी के मतदाताओं को बीएलओ के माध्यम से नोटिस वितरित किए जा रहे हैं। ऐसे मतदाताओं को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वे निर्धारित वैध अभिलेख बीएलओ को उपलब्ध कराकर अपनी मतदाता प्रविष्टि का सत्यापन तथा आवश्यक संशोधन करा सकते हैं।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जनपद में वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा ही बीएलए-2 की नियुक्ति की गई है। अन्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी शीघ्र बीएलए-2 नियुक्त कर उसकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शांतिलाल शाह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श, उप शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, नगर अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी भरत सिंह रावत, श्रीनगर विधानसभा के बीएलए प्रतिनिधि महादेव प्रसाद बहुगुणा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
