
धराली 6 अगस्त
गजेंद्र सिंह
उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में बादल फटने की अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना से क्षेत्र में भारी जन-धन हानि हुई। सूचना पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल उत्तराखंड की टीमों को आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों, सेटेलाइट फोन एवं संचार संसाधनों के साथ तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। लगातार भारी बारिश, भूधंसाव व मलबा आने के कारण मार्ग अत्यंत खतरनाक व अवरुद्ध होने के बावजूद भी कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस, अग्निशमन सेवा, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, सेना एवं अन्य राहत एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। टीमें प्रभावित क्षेत्र में थर्मल इमेजर, कटर, रोप्स, स्ट्रेचर जैसे अत्याधुनिक उपकरणों का प्रयोग कर मलबे में दबे संभावित व्यक्तियों की तलाश कर रही है। एसडीआरएफ और अन्य टीम के सदस्यों द्वारा दुर्गम पहाड़ी मार्गों और अत्यंत जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में चलकर लोगों तक पहुँचा जा रहा है। साथ ही सुरक्षित स्थानों की पहचान कर प्रभावितों को वहां पहुँचाया जा रहा है। अब तक एसडीआरएफ द्वारा 135 व्यक्तियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है, वहीं गंभीर रूप से घायल 11 सेना के जवानों को मातली से हेलीकॉप्टर द्वारा अस्पताल भेजा गया है। एसडीआरएफ टीम सेटेलाइट फोन के माध्यम से संचार बनाए रखते हुए राहत कार्यों का संचालन कर रही है। यह जानकारी एसडीआरएफ ढालवाला टीम के प्रभारी निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने दी।
