
रायवाला 30 अगस्त
गजेंद्र सिंह
भागीरथी विद्यालय हरिपुरकलां में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों के सजीव माडल व झांकियां प्रस्तुत की। हिंदी भाषा अनुभाग की ओर से जगन्नाथ रथ यात्रा की झांकी के जरिए ओडिशा (उड़ीसा) राज्य की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई गई।
शनिवार को आयोजित प्रदर्शनी का शुभांरभ विद्यालय की संस्थापिका श्रीतारा माता ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह आयोजन से छात्रों की प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है। प्रत्येक छात्र को इसमें प्रतिभाग करना चाहिए। वहीं प्रदर्शनी में पूर्व प्राथमिक के छात्रों ने प्रकृति, प्राथमिक के छात्रों ने अंग्रेजी उत्सव व संगीत समारोह, गणित अनुभाग की ओर से दैनिक जीवन में गणित के रोचक उपयोग, विज्ञान अनुभाग की ओर से मानव शरीर की यात्रा, सामाजिक विषय अनुभाग की ओर से भारतीय अर्थव्यवस्था व हड़प्पा कालीन सभ्यता व संस्कृति के दर्शन तथा कन्या विद्यालय की ओर से अपशिष्ट से सर्वोत्तम के आकर्षक माडल व सजीव झांकी प्रस्तुत की गई। जिसमें जगन्नाथ रथ यात्रा, शास्त्रीय व आधुनिक संगीत, एंव उत्तराखंड के जागर की प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। ट्रस्टी मंजू तेजवानी ने बताया कि अधिक से अधिक बच्चों को प्रदर्शनी में प्रतिभाग के लिए प्रेरित किया जाता है ताकि उनकी व्यवहारिक समझ विकसित हो सके। इस दौरान मैनेजर स्वामी बाल गोपाल, प्रधानाचार्या रेनू खन्ना, वंदना सारस्वत, नीता उपाध्याय सहित सैकड़ों अभिभावकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
