
रायवाला 6 सितम्बर
गजेंद्र सिंह
हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग पर छिद्दरवाला के समीप तेज गति से आ रही कार ने सड़क किनारे खड़े दो बाइक सवार युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को 108 की मदद से एम्स ऋषिकेश भिजवाया है।
घटनाक्रम के मुताबिक शनिवार देर शाम करीब 8:30 बजे लालतप्पड़ डोईवाला की तरफ से आए बाइक सवार दो युवक छिद्दरवाला पुलिस चेकपोस्ट के पास सड़क किनारे रुके। तभी पीछे से एक कार तेज गति से आई और बाइक सवार खड़े दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक कार के नीचे फंस गए। आस-पास के लोगों ने बमुश्किल दोनों को बाहर निकाला। दोनों युवक माजरी डोईवाला के रहने वाले हैं और किसी कार्य से छिद्दरवाला आए थे। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह खोलिया ने बताया कि घायलों को एम्स ऋषिकेश भिजवाया गया है। दोनों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
—
कट और पकौड़े की दुकान बनी मुसीबत का सबब : जिस जगह हादसा हुआ, वहां लालतप्पड़ फ्लाईओवर उतरते ही हाइवे पर अवैध कट है। जिसे आस-पास के लोग हाइवे पार कर रहे हैं। वहीं, लालतप्पड़ फ्लाईओवर की ओर से आने वाले वाहन तेज गति से आते हैं। जिसके चलते इस कट पर आए दिन हादसे हो रहे हैं।वहीं इस कट के पास की पकौड़े की दुकान है। जहां पर शाम के समय खासी भीड़ रहती है। दुकान पर रुकने वाले लोग सड़क तक वाहन पार्क कर देते हैं। जिसकी वजह से यहां पर हादसे हो रहे हैं, मगर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। खास बात यह है कि इस जगह पर पुलिस चेकपोस्ट भी है।
