
ऋषिकेश 8 अक्टूबर
गजेंद्र सिंह
दैनिक जागरण के पत्रकार व ऋषिकेश प्रेस क्लब के अध्यक्ष रहे स्व. दुर्गा नौटियाल की पहली पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रेस क्लब में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके पत्रकारिता योगदान को याद किया गया साथ ही सर्वसम्मति से उनकी जयंती पर खेल संबंधी आयोजन करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

बुधवार को आईएसबीटी स्थित ऋषिकेश प्रेस क्लब में क्लब अध्यक्ष दीपक सेमवाल की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें क्लब के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने दिवंगत नौटियाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष दीपक सेमवाल, संरक्षक हरीश तिवारी और राजेश शर्मा ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि दुर्गा नौटियाल ने पत्रकारिता के क्षेत्र में जो योगदान दिया वह सदैव स्मरणीय रहेगा। इसी कड़ी में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि उनकी स्मृति में हर वर्ष मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच और सामाजिक कार्यों का आयोजन किया जाएगा। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर सभी ने श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में महामंत्री विनय पांडेय, संरक्षक मनोहर काला, दिनेश सिंह सुरियाल, सूरजमणि सिल्सवाल, प्रमोद नौटियाल, मनोज रौतेला, मनोज राणा, गौरव ममगाईं, आलोक पंवार, अमित कंडियाल और राव शहजाद सहित कई पत्रकार मौजूद थे।
