
ऋषिकेश 10 अक्टूबर
गजेंद्र सिंह
तपोवन क्षेत्र में जिला विकास प्राधिकरण द्वारा बहुमंजिला भवनों को बनाने वालों पर कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है जबकि वास्तविक भूमिधरों द्वारा मकान बनाने पर उनको नोटस दिए जा रहे हैं। जिससे स्थानीय लोगों के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आक्रोश बना हुआ है।
आईएसबीटी स्थित ऋषिकेश प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता ओम गोपाल रावत ने पत्रकारों को बताया कि जिला विकास प्राधिकरण आज केवल जिला स्तरीय भ्रष्टाचार प्राधिकरण बन गया है। कहा कि प्राधिकरण द्वारा तपोवन, मुनिकीरेती, ढालवाला में मानकों के अनुरूप काम नहीं किया जा रहा है। प्राधिकरण द्वारा केवल यहाँ के पीढ़ियों से रहे रहे लोगों को परेशान किया जा रहा। यह लोग अगर अपने लिए मकान बना रहे हैं तो मानकों का हवाला देकर उन्हें नोटिस थमाए जा रहे और जो लोग 11-12-13-14 मंजिला भवन बना रहे हैं उनपर कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपनी समस्याओं से प्राधिकरण व शासन प्रशासन को अवगत करा चुके हैं मगर उनकी कानों में जूं नहीं रेंग रही है। जिससे लोगों में प्राधिकरण के खिलाफ आक्रोश बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर शीघ्र ही एक शिष्टमंडल क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के साथ ही जिलाधिकारी से मिलेगा। और फिर भी लोगों की इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोग एक संयुक्त संर्घष समिति का गठन कर पहले क्रमिक अनशन करेंगे फिर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आमरण अनशन को बाध्य होंगें।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जगमोहन भंडारी ने कहा कि प्राधिकरण केवल स्थानीय लोगों द्वारा मकान निर्माण करने पर मानकों का हवाला देकर नोटिस भेज रहा है जबकि बहुमंजिला भवनों के निर्माण करने वालों पर कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है कहा कि प्राधिकरण न लेखराज भंडारी व देशराज भंडारी के निर्माणाधीन भवन सीज किया मगर वहीं पर एक बहुमंजिला भवन बन रहा है उस पर प्राधिकरण ने कोई कार्यवाही नहीं की है। उन्होंने प्राधिकरण पर क्षेत्र में भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। जिलाध्यक्ष व नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा इस प्रकार के भेदभावपूर्ण रवैया को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर प्राधिकरण ने मानकों के अनुरूप काम नहीं किया तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे। इस अवसर पर अजय रमोला, अनिल रावत, नवीन भंडारी, यशपाल भंडारी, राकेश गुसाईं, लेखपाल भंडारी, अनुराग पयाल, दिनेश भंडारी, आशुतोष शर्मा सहित कई लोग मौजूद थे।
