
यमकेश्वर 29 जनवरी
गजेंद्र सिंह
सजग इंडिया और छात्र संघ अध्यक्ष की ओर से चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान के तहत बृहस्पतिवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गैंडखाल और राजकीय इंटर कॉलेज मोहन चट्टी में नशे को ना जिंदगी को हाँ के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसमें वक्ताओं ने कहा, स्वस्थ, संस्कारवान और सशक्त युवा ही देश का भविष्य है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य – छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें एक स्वस्थ, सशक्त, संस्कारवान व जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।
सजग इंडिया संस्था के सदस्य व गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय बिथ्याणी के छात्रसंघ अध्यक्ष आयुष बडोला ने कहा नशा केवल शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि व्यक्ति की सोच, आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और पूरे भविष्य को प्रभावित करता है। कहा, जिस राष्ट्र का युवा नशे की गिरफ्त में चला जाता है, उसका भविष्य कमजोर हो जाता है। चिंता जताते हुए कहा, आज कुछ असामाजिक और विदेशी ताकतें योजनाबद्ध तरीके से हमारे युवाओं को नशे के जाल में फंसाकर उन्हें उनके लक्ष्य और कर्तव्यों से भटकाने का प्रयास कर रही हैं।
वहीं, ग्राम प्रधान शिवानी देवी ने कहा, नशे से दूर रहना ही सुरक्षित और सफल जीवन की पहली शर्त है। दोनों कॉलेजों के छात्रों ने नशे के खिलाफ शपथ ली और इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
