
यमकेश्वर 7 फरवरी
गजेंद्र सिंह
क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार द्वारा शनिवार को थाना यमकेश्वर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम थाना कार्यालय, अभिलेखागार, मालखाना, शस्त्रागार, सी सी टी एन एस शाखा, बैरक, परिसर की स्वच्छता एवं संपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
अपराधों से संबंधित अनावश्यक माल थाने में न रखे जाने, जिन प्रकरणों में न्यायालयीय निर्णय पारित हो चुका है उनमें शत-प्रतिशत माल निस्तारण सुनिश्चित करने, निष्प्रयोज्य वाहनों एवं अनुपयोगी सामग्री का शीघ्र निस्तारण करने तथा संपत्ति रजिस्टर में सभी प्रविष्टियों को स्पष्ट एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप अद्यावधिक करने के निर्देश भी दिए गए।
शस्त्रागार निरीक्षण के दौरान शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई एवं सुरक्षित रखरखाव पर विशेष बल देते हुए पुलिस कर्मियों से उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। समय-समय पर शस्त्राभ्यास आयोजित किए जाने हेतु थानाध्यक्ष यमकेश्वर अरविंद कुमार को निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त सीसीटीएनएस पोर्टल एवं अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर की जा रही प्रविष्टियों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए लंबित शिकायती प्रार्थना-पत्रों , विवेचनाओं का निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
