
पौड़ी 10 मई
गजेंद्र सिंह
जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड पोखड़ा क्षेत्र में बाल विवाह की एक संभावित घटना को समय रहते रोकते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई। संयुक्त प्रयासों से एक नाबालिग बालिका का सुरक्षित रेस्क्यू कर प्रस्तावित बाल विवाह रुकवा दिया गया।
जिला परिवीक्षा अधिकारी/जिला बाल संरक्षण अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि 09 मई 2026 को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को क्षेत्र से बाल विवाह संबंधी सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही मामला जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल कल्याण समिति को अवगत कराया गया। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष राकेश चंद्रा बिडालिया के निर्देश पर पुलिस प्रशासन एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।
संयुक्त टीम द्वारा मौके पर सत्यापन के दौरान एक नाबालिग बालिका का विवाह प्रस्तावित पाया गया, जिस पर तत्काल हस्तक्षेप करते हुए बाल विवाह को रुकवा दिया गया।
रेस्क्यू उपरांत बालिका को आवश्यक संरक्षण एवं देखरेख हेतु बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया तथा सुरक्षित पुनर्वास केंद्र में रखा गया, जहां उसे परामर्श एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला परिवीक्षा अधिकारी ने बताया कि हाल ही में जनपद में बाल विवाह रोकथाम एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया था। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिकों द्वारा समय पर सूचना देने के कारण यह कार्रवाई संभव हो सकी और एक बालिका का भविष्य सुरक्षित किया जा सका।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह जैसी गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करें।
