
पौड़ी 22 मई
गजेंद्र सिंह
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेन्द्र थपलियाल द्वारा जनपद मुख्यालय स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय, वन स्टॉप सेंटर, आंगनबाड़ी केंद्र लक्ष्मीनारायण मोहल्ला तथा आंगनबाड़ी केंद्र हिसारिया मोहल्ला का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने विभागीय कार्यों की गुणवत्ता एवं योजनाओं के क्रियान्वयन का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों एवं कार्यालयों में कार्मिक उपस्थित पाए गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अभिलेखों, व्यवस्थाओं तथा संचालित योजनाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचायी जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है, इसलिए अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं महिलाओं को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सुपरवाइजर कमला नेगी एवं सुपरवाइजर सुषमा रावत भी उपस्थित रहीं।
