
पौड़ी 20 अगस्त
गजेंद्र सिंह
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने गुरुवार को विकास भवन स्थित मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में जनपद के सभी एडीओ पंचायत एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर अधिकारियों की नियमित उपलब्धता, ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ ने कुछ ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों के निर्धारित क्षेत्र में नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहने पर कड़ी नाराजगी जतायी। उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र में रहकर ही ग्रामीणों की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर सकते हैं। निर्धारित रोस्टर के बावजूद क्षेत्र में अनुपस्थित रहना गंभीर विषय है और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सभी ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से उपस्थित रहने तथा ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों की क्षेत्रीय उपस्थिति की औचक जांच की जाएगी। यदि कोई अधिकारी क्षेत्र में अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ ने विशेष रूप से आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों की मौजूदगी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में स्थानीय स्तर पर सूचना प्राप्त करने और तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने में ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए अधिकारी अपने क्षेत्र में उपलब्ध रहते हुए स्थिति पर नजर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर जिला पंचायतीराज अधिकारी प्रदीप सुंदरियाल सहित जनपद के सभी एडीओ पंचायत एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
