पौड़ी/यमकेश्वर 19 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
स्वर्गाश्रम में 21 नवंबर से तीन दिवसीय इंडस्ट्री वेलनेस एक्सपो एवं देवभूमि पिचाथॉन-2026 का आयोजन किया जाएगा। जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार की ओर से 21 से 23 नवंबर तक परमार्थ निकेतन घाट हॉल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के उद्यमियों, स्टार्टअप संचालकों, निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों को एक मंच पर आने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तराखंड में उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय उत्पादों को नए बाजारों से जोड़ना है। एक्सपो के माध्यम से आयुष, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, वेलनेस और मेडिकल टूरिज्म से जुड़े उत्पादों एवं सेवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के पारंपरिक हस्तशिल्प, हर्बल और ऑर्गेनिक उत्पादों को भी व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजन का मुख्य आकर्षण देवभूमि पिचाथॉन-2026 होगा। इसमें स्टार्टअप्स और उद्यमियों को अपने नवाचार, उत्पादों और व्यावसायिक परियोजनाओं को उद्योग विशेषज्ञों तथा संभावित निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा। चयनित परियोजनाओं को निवेश के माध्यम से आर्थिक सहायता मिलने की भी संभावना है। इसके लिए एसआरआई फंड नई दिल्ली सहित विभिन्न वित्तीय संस्थाओं को आमंत्रित किया गया है।
एक्सपो में आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, समग्र स्वास्थ्य, मेडिकल टूरिज्म, न्यूट्रास्यूटिकल्स, हेल्थटेक, टेलीमेडिसिन, डिजिटल हेल्थकेयर, फिटनेस, मेडिकल डिवाइस और पारंपरिक हस्तशिल्प सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत स्थानीय उत्पादों को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।
उत्तराखंड में नया उद्योग स्थापित करने, मौजूदा उद्योग का विस्तार करने या कारोबार में विविधता लाने के इच्छुक उद्यमी इस आयोजन में प्रतिभाग कर सकेंगे। शुरुआती और ग्रोथ स्टेज के स्टार्टअप्स भी अपने व्यावसायिक प्रस्तावों के साथ आवेदन कर सकते हैं। प्रतिभागियों को निवेशकों से सीधे संवाद, संभावित फंडिंग, व्यावसायिक साझेदारी और उद्योग विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से चयनित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर विभागीय सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं, सब्सिडी और उद्योग स्थापना से संबंधित सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने इच्छुक उद्यमियों और स्टार्टअप संचालकों से कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थी www.udyamgrowth.com पर ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण कर सकते हैं।
