पौड़ी 19 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जनगणना की तैयारियों और स्वगणना की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जनगणना से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए स्वगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं और अभियान में राजनीतिक दलों का भी सहयोग लिया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वगणना की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संचालित कराने के निर्देश दिए। वहीं चार्ज अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को जमीनी स्तर पर कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि चार्ज अधिकारी प्रतिदिन सुपरवाइजरों से फीडबैक लेकर प्रगति की समीक्षा करें। साथ ही हाउस लिस्टिंग ब्लॉक को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और उनके व्यवस्थित संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अधिकारियों को दिए गए प्रशिक्षण और जनगणना की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
वहीं फॉर्मर रजिस्ट्री और एग्री स्टैक अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आगामी 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत किसान पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पंचायती राज, कृषि, उद्यान, राजस्व, सहकारिता और ग्राम्य विकास विभाग को आपसी समन्वय से अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों का पंजीकरण आसानी से किया जा सकता है, उनके मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित किया जाए। पोर्टल पर तकनीकी खामियों के कारण आ रही समस्याओं का संबंधित स्तर पर समाधान कराया जाए। जिन कार्मिकों की पोर्टल पर आईडी बनाई गई हैं, वे अपनी जिम्मेदारी के अनुरूप पंजीकरण कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करें। सभी विभाग अपने कार्मिकों की सूची तैयार कर प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करें और नियमित समीक्षा करें।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को भी फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। वहीं राजस्व उपनिरीक्षकों को पोर्टल पर प्रविष्टियां दर्ज कर अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय बनाए रखने और प्रगति रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी न देने की हिदायत दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, जिला प्रभारी जनगणना शिव कुमार, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, जिला आपदा पर्यटन अधिकारी दीपेश काला, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित सभी तहसीलदार, चार्ज अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
