देहरादून 19 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में अब पर्यटक सफेद बाघ ‘तेजस’ का दीदार कर सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सफेद बाघ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले चिड़ियाघर में अन्य प्रजातियों के दो बाघ भी लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर महज पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी। साथ ही युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन कायम रखते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख वनाच्छादित राज्यों में शामिल है। यहां की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता अनमोल प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है।
इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
