देहरादून/नई दिल्ली 19 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
उत्तराखंड के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने पंतनगर से नेपाल की राजधानी काठमांडू के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि पंतनगर हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। भविष्य में यहां से काठमांडू के लिए सीधी उड़ान शुरू करना राज्य का सपना है। इसके लिए उन्होंने नेपाल सरकार से भी आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया।
महाराज गुरुवार को नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित एक होटल में नेपाल दूतावास और नेपाल पर्यटन बोर्ड की ओर से आयोजित ‘नेपाल कॉलिंग’ डेस्टिनेशन प्रमोशन कार्यक्रम ‘एक तराई, दो राष्ट्र’ में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक संबंधों को पर्यटन के माध्यम से और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच आस्था, संस्कृति और रोटी-बेटी का गहरा रिश्ता है। जनकपुर, लुम्बिनी और पशुपतिनाथ जैसे धार्मिक स्थल दोनों देशों की साझा विरासत हैं। उत्तराखंड और नेपाल के बीच भी सदियों पुराने धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंध रहे हैं।
पर्यटन मंत्री ने उत्तराखंड के तराई क्षेत्र और नेपाल के कंचनपुर व कैलाली जिलों को जोड़कर संयुक्त सीमा-पार पर्यटन सर्किट विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि दोनों ओर की प्राकृतिक परिस्थितियां, वन संपदा और थारू संस्कृति काफी हद तक समान हैं। ऐसे में ‘एक तराई, दो राष्ट्र’ की अवधारणा के तहत संयुक्त पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
उन्होंने कॉर्बेट, नंधौर और नेपाल के शुक्लाफांटा राष्ट्रीय उद्यान को जोड़कर ‘तराई आर्क टाइगर ट्रेल’ विकसित करने का सुझाव दिया। साथ ही खटीमा क्षेत्र में थारू विरासत और संस्कृति पर आधारित होमस्टे क्लस्टर बनाने की बात कही। उन्होंने नेपाल के चितवन राष्ट्रीय उद्यान में सामुदायिक पर्यटन और स्थानीय लोगों की भागीदारी को इसका बेहतर उदाहरण बताया।
महाराज ने टनकपुर स्थित मां पूर्णागिरि धाम और नेपाल के सिद्ध बाबा मंदिर को जोड़कर संयुक्त धार्मिक यात्रा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्र में पूर्णागिरि धाम में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। शारदा नदी के उस पार स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के दर्शन को भी इस यात्रा से जोड़ा जा सकता है। इसके लिए बनबसा सीमा पर सुगम आवागमन, साझा शटल सेवा और पर्यटक सूचना व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता है। पूर्णागिरि रोपवे और शारदा रिवर कॉरिडोर परियोजनाएं इस क्षेत्र को वर्षभर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने में मददगार होंगी।
उन्होंने पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना की डीपीआर में टिहरी की तर्ज पर जलाशय पर्यटन को भी शामिल करने की पैरवी की। कहा कि इससे परियोजना से प्रभावित भारत और नेपाल के परिवारों को पर्यटन के माध्यम से आजीविका के अवसर मिल सकेंगे। इसके अलावा उन्होंने टनकपुर-महेंद्रनगर लिंक रोड का निर्माण जल्द शुरू करने तथा बनबसा सीमा पर पर्यटक सुविधा केंद्र और भारत-नेपाल संयुक्त पर्यटन सूचना डेस्क स्थापित करने की जरूरत बताई।
पर्यटन मंत्री ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से तराई-महाकाली पर्यटन सर्किट को स्वदेश दर्शन 2.0 और प्रसाद योजना में प्राथमिकता देने का अनुरोध किया। वहीं नेपाल के संस्कृति, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री खड्क राज पौडेल से उत्तराखंड और नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रदेश के बीच संयुक्त पर्यटन कार्यदल गठित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दोनों देश साझा पर्यटन पैकेज, प्रचार-प्रसार, सीमा-पार साइकिल रैली और तराई बर्ड फेस्टिवल जैसे आयोजन कर सकते हैं। उत्तराखंड नेपाल के शुक्लाफांटा पर्यटन महोत्सव में भी सहभागिता करना चाहेगा।
महाराज ने कहा कि मां पूर्णागिरि से सिद्ध बाबा, बाबा केदारनाथ से डोलेश्वर महादेव और कॉर्बेट से शुक्लाफांटा तक दोनों देशों की साझा धार्मिक एवं प्राकृतिक विरासत पर्यटन की अपार संभावनाएं रखती है। ‘एक तराई, दो राष्ट्र’ की अवधारणा भारत और नेपाल के बीच पर्यटन सहयोग को नई दिशा देने के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, नेपाल के संस्कृति, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री खड्क राज पौडेल ‘गणेश’, नेपाल के राजदूत, नेपाल पर्यटन बोर्ड के पदाधिकारी तथा दोनों देशों के पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
