ऋषिकेश 19 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
ऋषिकेश घूमने आए आगरा के एक स्कूल के 10वीं कक्षा के छात्र के गंगा में डूबने से हड़कंप मच गया। लक्ष्मणझूला पुल के समीप घाट पर स्नान के दौरान छात्र तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। शुक्रवार को दोबारा तलाश की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, आगरा के एक स्कूल से 32 छात्र और पांच शिक्षक शैक्षिक भ्रमण पर ऋषिकेश आए हुए थे। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे सभी लक्ष्मणझूला पुल के समीप स्थित घाट पर गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान 15 वर्षीय अंश परमार पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी रोहता, आगरा गंगा के तेज बहाव में बह गया। छात्र को डूबता देख उसके साथियों ने शोर मचाया। मौके पर मौजूद जल पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी का बहाव तेज होने के कारण वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।
एसडीआरएफ के निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम और लक्ष्मणझूला पुलिस मौके पर पहुंची। डीप डाइवर्स की मदद से गंगा में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन छात्र का पता नहीं चल सका। देर शाम अंधेरा होने के चलते सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया। शुक्रवार को फिर से अभियान चलाकर छात्र की तलाश की जाएगी। वहीं, लक्ष्मणझूला थाना पुलिस ने घटना की सूचना छात्र के परिजनों को दे दी है।
