
पौड़ी 18 सितम्बर
गजेंद्र सिंह
नगर पंचायत थलीसैंण में ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर दीप प्रज्ज्वलित कर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संकल्प लिया गया तथा ‘स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ थलीसैंण’ का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलायी तथा घर, आसपास के क्षेत्र एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जागरुक किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान के माध्यम से नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए निरंतर गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी दीपक प्रताप ने नगरवासियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने, कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से व्यापक रूप देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभासद दलीप सिंह, विक्रम रावत के साथ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नगरवासियों ने प्रतिभाग किया।
