देहरादून 28 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों और विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत योजनाओं में सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, मंदिरों और मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, हेलीपैड निर्माण, सिंचाई गूल और सुरक्षात्मक कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्वीकृति के तहत चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कठाड़ कमेला के मुख्य मार्गों पर सीसी एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण के लिए 55.16 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के आर्यनगर वार्ड-9 में आंतरिक सड़कों, नालियों एवं सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 56.76 लाख रुपये तथा गदरपुर क्षेत्र में गणेशपुर से लंकुरा बाजावाला होते हुए रमपुरकाजी तक मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 242.38 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
हरिद्वार के पिरान कलियर क्षेत्र में सीसी एवं इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के लिए 249.32 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इसमें प्रथम किस्त के रूप में 161.20 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है। वहीं, डोईवाला क्षेत्र में जौलीग्रांट सैंज चौकी से जुड्डी गांव होते हुए कालूवाला तक सड़क निर्माण के लिए 98.75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत 59.25 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की जाएगी।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास को लेकर भी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी मिली है। पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र में रसैपाटा स्थित भगवती मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 59.57 लाख रुपये, रुद्रप्रयाग के केदारनाथ क्षेत्र के चार मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 49.94 लाख रुपये और चमोली के कर्णप्रयाग स्थित कर्ण मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.71 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कर्ण मंदिर के लिए 59.82 लाख रुपये की प्रथम किस्त को भी मंजूरी दी गई है।
इसी क्रम में चम्पावत के ढकना बडोला में ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के विकास के लिए 109.88 लाख रुपये तथा नई टिहरी के बौराड़ी स्थित नवदुर्गा मंदिर की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के लिए 100 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नवदुर्गा मंदिर के कार्यों के लिए 60 लाख रुपये की प्रथम किस्त जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
इसके अलावा उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक स्थित फिताड़ी गांव में हेलीपैड निर्माण के लिए 107.98 लाख रुपये, देहरादून के धर्मपुर क्षेत्र में कारगी चौक पर जाट भवन निर्माण के लिए 125 लाख रुपये तथा किच्छा में पंत कृषि विश्वविद्यालय परिसर की शेष सड़कों के सुधारीकरण के लिए 422.11 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
डीडीहाट क्षेत्र में थल-सत्सिलिंग मोटर मार्ग के उच्चीकरण के लिए 111.92 लाख रुपये और चम्पावत में सिंचाई गूल निर्माण के लिए 95.01 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। सिंचाई गूल निर्माण के लिए 57 लाख रुपये की प्रथम किस्त भी स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी, धार्मिक पर्यटन, स्थानीय आधारभूत सुविधाओं और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।
