मथुरा 28 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित परखम गऊ-ग्राम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। वहीं आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय तथा आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण ने इसी पावन भूमि से संपूर्ण मानवता को धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया। उनके जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति प्रेम और सम्मान को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी जुड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ सेवा को केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित न रखकर आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने का सराहनीय प्रयास कर रही है। वर्तमान समय में ऐसी पहल की आवश्यकता है, जिसमें प्राचीन परंपराओं और आधुनिक विज्ञान का समन्वय हो। उन्होंने कहा कि जिन प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, वे भविष्य में पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेंगे।
धामी ने उत्तराखंड और ब्रजभूमि के आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि मां यमुना की पवित्र धारा देवभूमि उत्तराखंड और ब्रजभूमि को आपस में जोड़ती है। यमुनोत्री धाम से निकलकर मां यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करते हुए ब्रजभूमि को सिंचित करती हैं। उन्होंने बताया कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के लिए वहां भव्य यमुना घाट का निर्माण कराया गया है। हाल ही में इसका लोकार्पण भी किया गया है तथा मां यमुना की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। राज्य सरकार का प्रयास है कि हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का बखान करने से नहीं, बल्कि ठोस कार्यों और प्रयासों से संभव है। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा किए जा रहे कार्य उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए प्रेरणादायी और अनुकरणीय हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
