
पौड़ी 20 जून
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर जनपद में आयोजित किए जा रहे जनकल्याणकारी शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहे हैं। विभिन्न विकासखंडों में आयोजित शिविरों में शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से ग्रामीणों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
शनिवार को विकासखंड नैनीडांडा, यमकेश्वर, रिखणीखाल, बीरोंखाल, थलीसैंण तथा नगर निगम श्रीनगर में आयोजित जनकल्याणकारी शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष प्रकरणों को आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
शिविरों में कुल 294 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 287 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इससे लोगों को राहत मिलने के साथ-साथ प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।
इस दौरान कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, पशुपालन, समाज कल्याण, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी संचालित की।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि जनकल्याणकारी शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित शिविरों में प्राप्त अधिकांश शिकायतों का भी सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है।
