
यमकेश्वर 3 जुलाई
गजेंद्र सिंह
जापान के आध्यात्मिक गुरु श्री बाला कुंभ गुरु मुनि (ताकायुकी होशी) दो दिवसीय दौरे पर यमकेश्वर के तल्ला बनास पहुंचे, इस दौरान उन्होंने प्राचीन हनुमान मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। साथ ही गौमुख डेयरी परिसर में गौ सेवा कर समाज को गौ संरक्षण एवं गौ सेवा का संदेश दिया और रुद्राक्ष का पौधा लगाकर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक मनजीत नेगी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि वह पहली बार उत्तराखंड आए हैं। यहां के लोगों का स्नेह, अपनापन और देवभूमि की दिव्यता उनके हृदय को छू गई। उन्होंने कहा, “देवभूमि के कण-कण में भगवान शिव का वास है। मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे यहां आने का अवसर मिला। यहां आकर ऐसा अनुभव हो रहा है मानो मेरा पूर्व जन्म इसी पवित्र भूमि पर हुआ हो।”
उन्होंने सभी लोगों से अपने जीवन में आध्यात्मिकता को अपनाने, सनातन संस्कृति से जुड़े रहने तथा सेवा, करुणा और सद्भाव के मार्ग पर चलने को कहा इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया जिसमें सभी ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
