पौड़ी 22 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
उत्तराखंड में स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन घाट हॉल में आयोजित तीन दिवसीय ‘देवभूमि पिचैथॉन-2026’ में प्रदेश के उभरते उद्यमियों को अपने व्यावसायिक विचार निवेशकों के सामने रखने का अवसर मिला। आयोजन के दूसरे दिन विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 18 उद्यमियों ने अपने बिजनेस आइडिया और उत्पादों की प्रस्तुति दी। इस दौरान निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों ने उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार, निवेश जुटाने, ब्रांडिंग और बाजार की संभावनाओं को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
जिला उद्योग केंद्र की ओर से 21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप्स को निवेशकों से जोड़ना तथा उनके व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में उद्योग जगत, वित्तीय क्षेत्र और वेंचर कैपिटल से जुड़े विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के साथ अपने अनुभव साझा किए।
इस दौरान सिडकुल निर्माता संघ के सचिव विवेक चौहान, क्वांटिया ग्रेविटास (यूएई) के ग्लोबल प्रेसिडेंट डॉ. मुनीश जिंदल, पंजाब एंजल्स नेटवर्क के सीईओ सीए साहिल मक्कर, ए स्क्वायर मीडिया के सीएमओ अमित मदान, फाउंडरएक्स के मानद महानिदेशक अरुण चंगरानी और सीईओ डॉ. नैन्सी जुनेजा सहित कई विशेषज्ञ मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने उद्यमियों को बताया कि किसी भी स्टार्टअप को सफल व्यवसाय में बदलने के लिए मजबूत बिजनेस प्लान, बाजार की मांग की समझ, बेहतर वित्तीय प्रबंधन और प्रभावी विपणन रणनीति जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान इकारा फाइनेंशियल्स प्राइवेट लिमिटेड की संस्थापक एवं सीईओ अनिमा मिश्रा ने ‘द वीसी प्लेबुक: फ्रॉम स्टार्टअप टू इन्वेस्टमेंट रेडी’ विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने निवेशकों की अपेक्षाओं और स्टार्टअप को निवेश के लिए तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं ‘द कैपिटल कैटलिस्ट’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में विशेषज्ञों ने निवेश हासिल करने के मानकों और व्यवसाय को आगे बढ़ाने की रणनीतियों पर विचार रखे।
महिला उद्यमिता और नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘वुमन इम्पैक्ट लीडरशिप’ विषय पर विशेष सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव के बीच महिलाओं की नेतृत्व क्षमता, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में उनकी भागीदारी पर चर्चा की गई।
पिचैथॉन में आयुर्वेद, खाद्य प्रसंस्करण, हथकरघा, हस्तशिल्प, जैविक उत्पादों तथा पहाड़ी और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उद्यमियों ने अपने स्टॉल भी लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उनकी पहचान बढ़ाने की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया। निवेशकों के समक्ष प्रस्तुतियों के बाद उद्यमियों को उनके उत्पादों, व्यावसायिक मॉडल और बाजार विस्तार को लेकर सुझाव भी दिए गए।
प्रतियोगिता के परिणामों में जीवन ऑर्गेनिक्स ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मिहो दूसरे और ओम इंटीरियर्स तीसरे स्थान पर रहा। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा आयोजन में सहयोग करने वाले विशेषज्ञों और टीम के सदस्यों का आभार जताया गया।
इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक आरपी आर्य, सहायक प्रबंधक अंकित सिंह, विजेंद्र सिंह, देवेंद्र नाथ, विनय कुमार, रवींद्र सिंह, देवेंद्र मेहता, कमल जयकृत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
