
यमकेश्वर 19 दिसम्बर
गजेंद्र सिंह
स्थानीय महिला द्वारा यमकेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें उनके द्वारा अंकित किया गया कि संदीप बिष्ट (पूर्व प्रधान किमसार), निवासी- ग्राम किमसार द्वारा उनके साथ मारपीट की गई, कपड़े फाड़े गए तथा गाली-गलौच की गई। प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना यमकेश्वर पर मु0.अ0.सं0.- 09/2025, धारा 115(2)/74 बी.एन.एस. के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। अभियुक्त घटना के बाद से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था व पुलिस को चकमा दे रहा था। माननीय न्यायालय द्वारा भी अभियुक्त का गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
फरार अभियुक्त पर ₹2,500/- का इनाम भी घोषित किया गया था।
कुछ दिन पहले क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा सर्विलांस एवं सुरागरसी-पतारसी करते हुए अभियुक्त संदीप बिष्ट को पुणे (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक मनाली राठी ,आरक्षी प्रेम सिंह, लोकेश गिरी आदि शामिल रहे।
