
पौड़ी 19 सितम्बर
गजेंद्र सिंह
ऋषिकेश-श्रीनगर-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर फरासू के निकट हुई सूमो टैक्सी दुर्घटना के मामले में जिला मजिस्ट्रेट गढ़वाल स्वाति एस भदौरिया ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने दुर्घटना की जांच के लिए उपजिलाधिकारी श्रीनगर को जांच अधिकारी नामित करते हुए 15 दिवस के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 07 सितम्बर 2026 को अपराह्न लगभग 3:40 बजे ऋषिकेश-श्रीनगर-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर फरासू स्थित हनुमान मंदिर के समीप सूमो टैक्सी वाहन संख्या यूके-12-टीए-1021 श्रीनगर से धारी देवी की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के बाईं ओर खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जिन्हें उपचार के लिए बेस चिकित्सालय श्रीनगर ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
जिला मजिस्ट्रेट ने दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए उपजिलाधिकारी श्रीनगर को जांच अधिकारी नामित किया है। उन्होंने जांच अधिकारी को दुर्घटना से संबंधित तथ्यों एवं परिस्थितियों की जांच करते हुए निर्धारित अवधि में जांच आख्या जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की कि दुर्घटना से संबंधित किसी व्यक्ति के पास कोई महत्वपूर्ण जानकारी अथवा साक्ष्य उपलब्ध हो तो वह जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है, ताकि दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच में आवश्यक तथ्यों को शामिल किया जा सके।
