गौचर (चमोली) 14 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
गौचर में शनिवार को 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक वाद्ययंत्रों, बैंड की मधुर धुनों और पुष्पमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक पेश की।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला महज एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुए इस आयोजन का भारत-तिब्बत व्यापार में महत्वपूर्ण स्थान रहा है। कभी ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और स्थानीय उत्पादों के व्यापार का प्रमुख केंद्र रहा गौचर मेला आज औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का बेहतर मंच प्रदान करता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को साकार करने का प्रभावी माध्यम है। मेलों के माध्यम से लोक संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक विरासत का संरक्षण होने के साथ ही सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।
चमोली जनपद की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक महत्ता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्वविख्यात चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। यहां की वीरभूमि ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर पलायन रोकने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके लिए पर्यटन, होमस्टे, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है। इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। यह उपलब्धि प्रदेश की मातृशक्ति के परिश्रम और आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना के तहत बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क बेहतर बनाया जा रहा है, जबकि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इसके पूरा होने से क्षेत्र में कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सिमली अस्पताल से जुड़े मामले के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित कर संबंधित पक्षों को सुनने के निर्देश देने की बात कही। वहीं, प्रेस क्लब भवन निर्माण के लिए स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह किया और इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
दो हस्तियों को मिला स्मृति सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए दो योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें अमृत 2.0 के तहत कर्णप्रयाग विकासखंड में 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा गैरसैंण विकासखंड में 4.59 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, रामचंद्र गौड़, माधव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह राणा, चंद्रकला तिवारी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
