मुंबई 14 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को मुंबई में ‘ज्ञान गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। नवी मुंबई में उत्तरांचल महासंघ, मुंबई की ओर से आयोजित समारोह में महासंघ के पदाधिकारियों ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस दौरान प्रदेश में शिक्षा के विस्तार, पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य हासिल करने तथा विद्यालयी शिक्षा में किए गए नवाचारों और सुधारात्मक प्रयासों की सराहना की गई। इसके अलावा गढ़वाल भ्रातृ मंडल के तत्वावधान में महाराष्ट्र की विभिन्न उत्तराखंडी संस्थाओं ने भी डॉ. रावत का अभिनंदन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड का पूर्ण साक्षर राज्य बनना प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह सफलता राज्य सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति, शिक्षकों के अथक परिश्रम, विद्यार्थियों की सहभागिता और आमजन की जागरूकता का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रदेश की जनता, शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले सभी लोगों को दिया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को सबसे पहले लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए प्रदेश में विद्या समीक्षा केंद्र की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और शैक्षणिक गतिविधियों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। केंद्र से प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर शिक्षा व्यवस्था की कमियों को चिह्नित कर सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
डॉ. रावत ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में औसतन प्रत्येक 15 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक उपलब्ध है। यह छात्र-शिक्षक अनुपात राज्य की बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार के निरंतर प्रयासों से जल्द ही सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्ण साक्षरता हासिल करना केवल सरकारी उपलब्धि नहीं, बल्कि शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए पूरे समाज के सामूहिक संकल्प की सफलता है। जनसहभागिता के माध्यम से उत्तराखंड ने देश के अन्य राज्यों के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। अब सरकार का लक्ष्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच और आजीवन सीखने की संस्कृति को बढ़ावा देना है।
शिक्षा मंत्री ने उत्तरांचल महासंघ और महाराष्ट्र की विभिन्न उत्तराखंडी संस्थाओं का आभार जताते हुए कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों की जड़ें हमेशा अपनी मातृभूमि से जुड़ी रहती हैं। प्रदेश की उपलब्धियों के प्रति उनका उत्साह और अपनत्व राज्य की सांस्कृतिक एकता को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि मुंबई में मिला यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उत्तराखंड के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और पूरी शिक्षा व्यवस्था का सम्मान है।
कार्यक्रम में उद्यमी के.एस. पंवार, मोहन काला, रमन मोहन कुकरेती, आनंदी गैरोला, डॉ. राजेंद्र पाटिल, मनोज भट्ट, मनोज सती, ममता भट्ट, राजेश्वर उनियाल और विनोद मेहता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
