पौड़ी 15 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जनपद पौड़ी गढ़वाल में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत जरूरतमंदों को पेंशन का लाभ पहुंचाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर तक समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 2,698 नए लाभार्थियों को पेंशन से जोड़ा गया है। इनमें सबसे अधिक 2,307 लाभार्थी वृद्धावस्था पेंशन योजना के हैं। इसके अलावा 191 किसानों और 200 दिव्यांगजनों को भी पेंशन का लाभ दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में प्रदेशभर में पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए पेंशन योजनाओं का प्रभावी ढंग से संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद में भी पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के साथ उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पेंशन के लिए प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए और किसी भी पात्र व्यक्ति का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। साथ ही स्वीकृत लाभार्थियों को निर्धारित समय पर पेंशन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें पेंशन योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि जानकारी या आवेदन प्रक्रिया की जटिलता के कारण कोई जरूरतमंद सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि विभाग की ओर से पात्रता के आधार पर नए लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ ही मौजूदा पेंशनधारकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पेंशन संबंधी प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है।
