कालाढूंगी 15 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। खेल, शिक्षा, कृषि, स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति का साहस, संघर्ष और परिश्रम पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें समान अवसर और आत्मनिर्भर बनने का वातावरण उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें क्षेत्र में 200 विद्युत पोल स्थापित करने, ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क निर्माण, कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा गोडापड़ाव बाईपास से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण शामिल है। इसके अलावा कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण और पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण करने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ की परंपरा हमारी संस्कृति में महिलाओं के सम्मान का महत्व दर्शाती है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ महिलाओं को समान अधिकार, निर्णय लेने की स्वतंत्रता और आत्मनिर्भर बनने के अवसर देना है। जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तो परिवार, समाज और राष्ट्र भी मजबूत बनते हैं।
उन्होंने उत्तराखंड की महिलाओं के संघर्ष और योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि पहाड़ की महिलाओं ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद परिवार, खेती, पशुपालन और सामाजिक जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया है। मुख्यमंत्री ने अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी माता को सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम करते हुए परिवार की जिम्मेदारियां निभाते देखा है। माता का संघर्ष और अनुशासन उनके लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की मातृशक्ति का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई गति मिली है। उज्ज्वला, जनधन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। वहीं, नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। इन समूहों के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के जरिए महिला समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए शुरू किया गया ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड भी महिलाओं की आर्थिक मजबूती का माध्यम बन रहा है। इससे करीब 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना के तहत पात्र बालिकाओं के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही महिला सुरक्षा और समान अधिकारों को मजबूत करने के लिए प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मातृशक्ति के सहयोग और आशीर्वाद से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
समारोह में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, महापौर गजराज बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
