पौड़ी 15 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। मंदिर के समीप करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक दो मंजिला पार्किंग विकसित करने की योजना पर शासन-प्रशासन ने कार्यवाही तेज कर दी है। इसके लिए ग्राम कलियासौड़ में 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। फिलहाल भूमि हस्तांतरण और निर्माण से जुड़ी तकनीकी एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया चल रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस परियोजना को सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से भूमि चिह्नीकरण और भू-सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जीआईएस सर्वेक्षण में निर्धारित शर्तों के अधीन चिह्नित भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है।
प्रस्तावित पार्किंग ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं, तहसील श्रीनगर में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप बनाई जाएगी। करीब 20 मीटर चौड़े और 70 मीटर लंबे क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है। इसमें लगभग 100 ईसीएस (इक्विवेलेंट कार स्पेस) वाहनों के खड़े होने की क्षमता होगी।
परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की ओर से कार्यदायी संस्था नामित करने के संबंध में सचिव आवास, उत्तराखंड शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। संस्था के चयन के बाद पार्किंग का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाएगा, ताकि निर्माण की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हालांकि, परियोजना के निर्माण से पहले भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। अभिलेखों में चिह्नित भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है, जिसका प्रबंधन वर्तमान में अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड, श्रीनगर कर रही है। ऐसे में भूमि हस्तांतरण के लिए संबंधित कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिया जाना है। एनओसी मिलने के बाद भूमि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित की जाएगी। इसके बाद निर्माण की अगली प्रक्रिया शुरू होगी।
गौरतलब है कि मां धारी देवी मंदिर में सालभर श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान यहां वाहनों की संख्या काफी बढ़ जाती है। पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से कई बार सड़क किनारे वाहन खड़े होने के कारण यातायात प्रभावित होता है। ऐसे में प्रस्तावित दो मंजिला पार्किंग बनने से श्रद्धालुओं को अपने वाहन खड़े करने के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने और मंदिर क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
