कोटद्वार 15 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर कोटद्वार के हल्दूखाता स्थित एवीएन स्कूल में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में आयोजित शिविर में बोक्सा जनजाति के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान 39 स्थायी निवास और पांच जाति प्रमाण पत्र सहित कुल 44 प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं, कृषि विभाग ने 10 किसानों को बीज वितरित किए।
शिविर की अध्यक्षता हिमालयन जनजातीय समिति की अध्यक्ष प्रभा देवी ने की। उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, पार्षद जेपी बहुखंडी और पार्षद मनीष नैथानी ने संयुक्त रूप से शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए जनजातीय समाज के गौरव, योगदान और उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।
शिविर में राजस्व, कृषि और डाक विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराईं। राजस्व विभाग की ओर से 39 स्थायी निवास और पांच जाति प्रमाण पत्र जारी किए गए। कृषि विभाग ने 10 किसानों को बीज वितरित किए, जबकि डाक विभाग ने आधार कार्ड बनाने और आधार से संबंधित सेवाएं प्रदान कीं। शिविर का उद्देश्य जनजातीय समुदाय के लोगों को सरकारी सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराना और विभिन्न कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना रहा।
इस अवसर पर बोक्सा जनजाति बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और जनजातीय नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भरे। छात्राओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और समाज के प्रति उनके योगदान की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा तथा जनजातीय समाज के स्वाभिमान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनका संघर्ष, साहस और राष्ट्र के प्रति योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय नायकों के योगदान को याद करने के साथ ही उनके अधिकारों, सम्मान और सर्वांगीण विकास के प्रति संकल्प दोहराने का अवसर है।
इस मौके पर प्रशिक्षु एसडीएम काजल सैनी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी संजीव पाल, दीपा देवी, उषा देवी, महेंद्र सिंह सहित बोक्सा समुदाय के लोग, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक राजेंद्र सिंह पाल ने किया।
