पौड़ी 15 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
पौड़ी में आयोजित शरदोत्सव के तहत वार्डवार फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। रविवार को खेले गए पहले मुकाबले में वार्ड संख्या 03 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड संख्या 06 को 7-0 से करारी शिकस्त दी। वहीं, दूसरे मुकाबले में वार्ड संख्या 09 ने पेनाल्टी शूटआउट में वार्ड संख्या 05 को 13-12 से हराकर अगले चरण में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले का शुभारंभ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने किया। मैच में वार्ड-03 की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और लगातार गोल दागते हुए वार्ड-06 की टीम को संभलने का मौका नहीं दिया। अंततः वार्ड-03 ने 7-0 से शानदार जीत दर्ज की।
दूसरे मुकाबले में वार्ड-09 और वार्ड-05 की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 3-3 गोल की बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में मुकाबला और भी रोमांचक हो गया, जिसमें वार्ड-09 ने 13-12 से जीत हासिल की। इस मैच का शुभारंभ पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने किया।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, सभासदों एवं नगर पालिका के कर्मचारियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में वार्डों की टीमों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा से स्थानीय युवाओं में खेलों के प्रति खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
