कोटद्वार 18 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग और संबंधित अधिकारियों की टीम ने कोटद्वार में स्कूल बसों और वैन के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर 15 वाहनों के चालान किए गए, जबकि फिटनेस समाप्त होने पर एक वाहन को सीज कर दिया गया।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश पर 16 से 22 नवंबर तक चलाए जा रहे अभियान के तहत स्कूलों में बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई वाहनों में गंभीर खामियां सामने आईं। कुछ वाहनों की फिटनेस अवधि समाप्त थी, तो कुछ में सीसीटीवी कैमरे नहीं पाए गए। इसके अलावा बीमा प्रमाणपत्रों में कमियां, खराब सीटें तथा जीपीएस और स्पीड लिमिटिंग डिवाइस (एसएलडी) का अभाव भी मिला।
टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। वहीं, फिटनेस समाप्त होने पर सीज किए गए वाहन में सवार बच्चों को सुरक्षित दूसरी बस में बैठाकर उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली वाहनों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करना और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को प्राथमिकता देना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
अभियान में न्यायाधीश प्रज्ञा तिवारी, एआरटीओ अमित कुमार, सीओ अस्मिता ममगाईं, आरआई टेक्निकल विकास कुमार सहित परिवहन विभाग की टीम मौजूद रही।
