पौड़ी 18 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
नगर पालिका परिषद पौड़ी की ओर से आयोजित शरदोत्सव-2026 में बुधवार को विभिन्न खेल एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कंडोलिया मैदान में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में वार्ड संख्या-01 की टीम ने वार्ड-11 को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले का शुभारंभ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह नेगी ने फुटबॉल को किक मारकर किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी और अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, डीएवी इंटर कॉलेज में आयोजित रस्साकशी प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों और ओपन वर्ग के प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया। जूनियर बालक वर्ग में सेंट थॉमस स्कूल प्रथम और बीआरएमएस स्कूल द्वितीय रहा। जूनियर बालिका वर्ग में बीआरएमएस स्कूल ने पहला और हिल्स इंटरनेशनल स्कूल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
सीनियर बालक वर्ग में सेंट थॉमस स्कूल और बालिका वर्ग में बीआरएमएस स्कूल विजेता रहे। ओपन पुरुष वर्ग में बादशाह-11 ने बाजी मारी, जबकि नरदेव-11 उपविजेता रहा। ओपन महिला वर्ग में पराज इंस्टीट्यूट प्रथम और वार्ड-03 की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
इसके अलावा रंगोली, वाद-विवाद और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। शरदोत्सव के तहत आयोजित गतिविधियों में स्थानीय युवाओं और बच्चों की बढ़-चढ़कर भागीदारी देखने को मिली।
