पौड़ी 18 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर बुधवार को पौड़ी जनपद में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई गई। जिलेभर में आयोजित अभियान के तहत कुल 74,060 बच्चों को दवा दी गई।
अभियान का शुभारंभ आदर्श मॉडर्न स्कूल प्रेमनगर और इंटर कॉलेज मैसमोर पौड़ी में बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर किया गया। दोनों विद्यालयों में कुल 144 छात्र-छात्राओं को दवा दी गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि अभियान के तहत जिले में 74,060 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई गई है। उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश अभियान के दौरान दवा लेने से छूट गए हैं, उन्हें 25 नवंबर को आयोजित होने वाले मॉपअप दिवस पर दवा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इससे बचाव के लिए समय-समय पर कृमिनाशक दवा का सेवन जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अभियान के दौरान बच्चों को दवा के महत्व और इसके लाभों के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने अभियान के सफल संचालन में सहयोग के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों और विद्यालय प्रशासन का आभार जताया।
इस अवसर पर इंटर कॉलेज मैसमोर के प्रधानाचार्य अरुण नैथानी, डॉ. योगेंद्र सिंह, आरकेएसके मैनेजर मनमोहन पटवाल, आरबीएसके मैनेजर निम्मी कुकरेती, शुभम रावत, वैजयंती रावत सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
