पौड़ी 19 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
पैठाणी स्थित पौराणिक राहु मंदिर को धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता के अनुरूप विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। मंदिर परिसर को पारंपरिक पौराणिक शैली में भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। परिसर में पहले से मौजूद अव्यवस्थित संरचनाओं को हटाकर सुव्यवस्थित प्रांगण तैयार किया गया है। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं भी विकसित की जा रही हैं। मंदिर को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को मंदिर परिसर का निरीक्षण कर निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर समिति, स्थानीय ग्रामीणों और संबंधित अधिकारियों के साथ विकास कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मंदिर का विकास उसकी पौराणिक पहचान, पारंपरिक वास्तुकला और धार्मिक गरिमा को ध्यान में रखकर किया जाए। उन्होंने मंदिर में नवनिर्मित कक्षों पर प्रतीक्षालय, पूजा हॉल आदि की नाम पट्टिकाएं लगाने, प्रथम तल पर बने पूजा कक्ष को व्यवस्थित करने तथा भवन के पीछे की दीवार पर पत्थर लगाने का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पेयजल के लिए वाटर प्यूरीफायर लगाने और सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने को कहा। इसके अलावा मंदिर के प्रवेश द्वार को भव्य स्वरूप देने, रेलिंग का सौंदर्यीकरण करने, भवन की फिनिशिंग बेहतर बनाने तथा प्रवेश और निकास मार्गों पर साइनेज लगाने के निर्देश दिए। परिसर में डेकोरेटिव पोल स्थापित किए जाएंगे, जिनमें इनबिल्ट साउंड सिस्टम के माध्यम से धार्मिक संगीत और भजनों का प्रसारण होगा।
जिलाधिकारी ने मंदिर की मूल संरचना और धार्मिक स्वरूप को सुरक्षित रखने पर जोर देते हुए मुख्य मंदिर सहित परिसर के अन्य मंदिरों की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पुरातत्व विभाग के माध्यम से विशेष रासायनिक प्रक्रिया से मंदिर की सफाई कराने के निर्देश दिए।
दूसरे चरण में विकसित होगा राहु शिला क्षेत्र
मंदिर विकास के दूसरे चरण में राहु शिला क्षेत्र को तीर्थाटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। इसके तहत घाट निर्माण, मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर स्थित पुल में सुरक्षा जाली लगाने, राहु शिला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था मजबूत करने और पर्याप्त कूड़ेदान स्थापित करने के कार्य किए जाएंगे। मंदिर के पीछे किचन-कम-स्टोर बनाने सहित अन्य सुविधाओं के विकास पर भी चर्चा हुई। मंदिर समिति की ओर से रखे गए सुझावों पर जिलाधिकारी ने सहमति जताते हुए कार्यों को श्रद्धालुओं की जरूरतों के अनुरूप पूरा करने की बात कही।
जिलाधिकारी ने मंदिर में धार्मिक गतिविधियों के सुचारू संचालन और स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से पुजारियों का पंजीकरण कराने की बात भी कही। इससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना की व्यवस्थित सुविधा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि राहु मंदिर का सुनियोजित विकास क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देगा। इससे पैठाणी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय व्यापार, स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे। विकास कार्यों में स्थानीय लोगों, मंदिर समिति और व्यापार संघ के सुझावों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
इस दौरान ग्रामीणों और व्यापार संघ के सदस्यों ने पैठाणी बाजार में सार्वजनिक शौचालय और डंपिंग जोन विकसित करने का सुझाव रखा। जिलाधिकारी ने शौचालय निर्माण पर सहमति जताते हुए उसके नियमित संचालन और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य शिवचरण नौडियाल, मंदिर समिति अध्यक्ष विनोद सिंह रावत, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, सहायक अभियंता जगदीश नेगी, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, व्यापार सभा के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
