पौड़ी 19 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
विकास भवन में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति (डीसीसी) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की बैंकिंग गतिविधियों, वार्षिक ऋण योजना 2026-27, ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बैंकों को ऋण-जमा अनुपात में सुधार लाने और ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से भारतीय स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक को सीडी रेशियो बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। इसके लिए पात्र लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के साथ ही लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कृषि, एमएसएमई समेत प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, केंद्र सरकार की बीमा योजनाओं, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और होम स्टे योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। सीडीओ ने कहा कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में बैंकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में बैंक पात्र लोगों को ऋण उपलब्ध कराने में सक्रियता दिखाएं।
उन्होंने श्रीनगर में आयोजित होने वाले बैकुंठ चतुर्दशी मेले में सभी बैंकों को स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। कहा कि स्टॉल के माध्यम से आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। साथ ही यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और डिजिटल भुगतान के प्रति भी लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया।
बैठक में परियोजना निदेशक विवेक कुमार उपाध्याय, लीड बैंक अधिकारी किशन सिंह रावत, आरबीआई के लीड डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर भारत आनंद, आरटीसी निदेशक आशुतोष ममगाईं, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड हिमांक शर्मा सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
