पौड़ी 21 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जनपद पौड़ी गढ़वाल में आगामी 12 दिसंबर (शनिवार) को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह लोक अदालत जिला न्यायालय पौड़ी सहित जनपद के सभी बाह्य न्यायालयों में आयोजित होगी। लोक अदालत के माध्यम से अधिकाधिक वादों का आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण करने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन और अधिकाधिक मामलों के निस्तारण को लेकर शनिवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में परिवहन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित अधिक से अधिक शमनीय वादों एवं प्रकरणों को चिह्नित कर लोक अदालत में निस्तारण के लिए प्रस्तुत करें।
बैठक में लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कहा कि लोक अदालत विवादों के त्वरित एवं आपसी सहमति से समाधान का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए पक्षकार बिना लंबी न्यायिक प्रक्रिया के अपने मामलों का निस्तारण करा सकते हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर सक्रिय सहयोग देने और अधिकाधिक प्रकरणों के निस्तारण की दिशा में गंभीरता से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मंगल सिंह, थानाध्यक्ष जयपाल सिंह नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
