देहरादून 22 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने रविवार को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन का भ्रमण कर परिसर की ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य कला और प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने परिसर के इतिहास, संरक्षण एवं रखरखाव के साथ ही यहां आगंतुकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और संचालित गतिविधियों की जानकारी भी ली।
राज्यपाल ने राष्ट्रपति निकेतन को देश की ऐतिहासिक विरासत और स्थापत्य कला का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए कहा कि इसकी ऐतिहासिक पहचान और प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विकास करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्थलों को आमजन के लिए खोलने से लोग देश के इतिहास, विरासत और संस्कृति से करीब से जुड़ सकेंगे।
करीब 21 एकड़ क्षेत्र में फैला राष्ट्रपति निकेतन ऐतिहासिक धरोहर, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध जैव विविधता का अनूठा संगम है। वर्ष 2025 में पहली बार इसे आम नागरिकों के भ्रमण के लिए खोला गया था। परिसर में ऐतिहासिक भवन, राष्ट्रपति के अंगरक्षक दल के अस्तबल, आकर्षक उद्यान और प्राकृतिक सौंदर्य के कई आकर्षण मौजूद हैं।
