देहरादून 25 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने खुशी जताते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़ा है। उन्होंने अधिकारियों से नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का पूरी संवेदनशीलता, सावधानी और निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने को कहा।
उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी भूमि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में तहसील पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को धैर्यपूर्वक सुनना और उसे सही जानकारी देना अधिकारियों की जिम्मेदारी है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए।
आपदा प्रबंधन में राजस्व अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन किया जाए, जिससे प्रभावित परिवारों को जल्द राहत उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की सरकारी नीति का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों के अनुसार निर्णय लें। सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव राजस्व एसएन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
