पौड़ी 25 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
अल्मोड़ा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय अंडर-21 बालक आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता में पौड़ी गढ़वाल की टीम भी प्रतिभाग करेगी। इसके लिए जनपद की टीम का चयन 26 नवंबर को कंडोलिया मैदान में ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा।
प्रतियोगिता का आयोजन 27 से 29 नवंबर तक अल्मोड़ा स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा खेल स्टेडियम में किया जाएगा। अनुसूचित जाति वर्ग के अंडर-21 बालक खिलाड़ियों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में पौड़ी जिले की टीम को भी आमंत्रित किया गया है। चयन ट्रायल में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ी 26 नवंबर को सुबह 11 बजे कंडोलिया मैदान पहुंच सकते हैं।
जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र और आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को किसी प्रकार का भत्ता नहीं दिया जाएगा।
