देहरादून 24 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा गुरुसिंह सभा में गुरु नानकदेव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानकदेव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रही हैं। परमात्मा का स्मरण, ईमानदारी से मेहनत कर आजीविका अर्जित करना और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करना उनकी तीन प्रमुख शिक्षाएं हैं। उन्होंने कहा कि सिख परंपरा का मूल मंत्र ‘सरबत दा भला’ सभी के सुख, शांति और कल्याण का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा से लेकर आपदा के समय राहत कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता तक सिख समाज का योगदान उल्लेखनीय रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करतारपुर साहिब गलियारे को खोलने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उत्तराखंड का भी सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक संबंध रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे निर्माण को मंजूरी दी है। इससे हेमकुंट साहिब की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा गुरुसिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी सहित सिख समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।
