नई दिल्ली/देहरादून 24 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास में भारत के नवनियुक्त नेपाली राजदूत डॉ. निश्चलनाथ पांडे से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राजदूत को पदभार ग्रहण करने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान सतपाल महाराज ने विश्वास जताया कि डॉ. पांडे के कार्यकाल में भारत और नेपाल के बीच पारंपरिक एवं ऐतिहासिक संबंध और अधिक प्रगाढ़ होंगे। उन्होंने भारत-नेपाल के बीच हुए हालिया द्विपक्षीय समझौतों तथा नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की सफल भारत यात्रा पर भी शुभकामनाएं दीं।
महाराज ने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, सामाजिक और भावनात्मक रिश्तों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के संबंध विशेष महत्व रखते हैं। उन्होंने नेपाली राजदूत डॉ. पांडे की इस सोच की सराहना की कि दोनों देशों के बीच भावनात्मक निकटता को मजबूत आर्थिक साझेदारी में बदलने के लिए ठोस और परिणामोन्मुख प्रयास किए जाने चाहिए।
