यमकेश्वर 23 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
पशुपालन विभाग की ओर से यमकेश्वर विकासखंड के नौगांव में पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान विकास की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शनी में क्षेत्र के 40 पशुपालकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट पशुओं का चयन कर पशुपालकों को पुरस्कार वितरित किए गए।
प्रदर्शनी के दौरान पशुपालकों को पशुओं के बेहतर रखरखाव, उनके पोषण और विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही पशुपालन विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।
प्रभारी पशु चिकित्सा अधिकारी यमकेश्वर डॉ. अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदर्शनी में बद्री गाय, क्रॉसब्रीड गाय और बैल जोड़ी सहित तीन श्रेणियों में पुरस्कार वितरित किए गए। बद्री गाय श्रेणी में लक्ष्मी देवी की गाय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं क्रॉसब्रीड श्रेणी में उड्डा निवासी कंटेश्वर जोशी की गाय प्रथम रही। बैल जोड़ी श्रेणी में नौगांव निवासी महेंद्र सिंह के बैलों को प्रथम पुरस्कार दिया गया।
उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के साथ ही पशुपालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। विभाग की ओर से भविष्य में भी यमकेश्वर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पशु प्रदर्शनियों का आयोजन कर पशुपालकों को जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में डॉ अवधेश श्रीवास्तव, डॉ दीक्षा भारती, डॉक्टर दीपांशु बिष्ट, सुंदरलाल वेटरनरी फार्मासिस्ट, दिनेश रावत, अनिल अमोली पशुधन प्रसार अधिकारी, राजेश कुमार और पशुपालक मौजूद रहे।
