पौड़ी 23 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत, किसान पेंशन सहित विभिन्न मामलों से संबंधित सात शिकायतें दर्ज की गईं।
जनता दर्शन में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के दौरान भूमि संबंधी विवाद, पेयजल आपूर्ति में बाधा, क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत, सार्वजनिक परिसंपत्तियों के रखरखाव, विद्युत पोल की सुरक्षित स्थापना और किसान पेंशन से जुड़ी समस्याएं उठाईं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने पूर्व में दर्ज शिकायतों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों पर नियमित निगरानी रखने और विभागीय समन्वय से उनका समाधान करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान एसीएमओ डॉ. वीके त्यागी, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, ग्रामीण निर्माण विभाग के लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, एसडीओ विद्युत भूपेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम नवनीत कटारिया, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, एई लघु सिंचाई करन शर्मा, जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
