यमकेश्वर 23 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन घाट हॉल में आयोजित तीन दिवसीय इंडस्ट्री एंड वेलनेस एक्सपो एवं देवभूमि पिचैथॉन-2026 का सोमवार को समापन हो गया। जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार की ओर से 21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस एक्सपो में प्रदेशभर के स्टार्टअप संचालकों, उद्यमियों, उद्योग विशेषज्ञों और निवेशकों ने प्रतिभाग किया। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही नए उद्यमियों को निवेश और विशेषज्ञ मार्गदर्शन से जोड़ना रहा।
समापन समारोह का शुभारंभ उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अण्थवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। एक्सपो के तहत आयोजित देवभूमि पिचैथॉन में 18 उद्यमियों ने अपने व्यावसायिक विचार और प्रस्ताव निवेशकों एवं विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में जीवन ऑर्गेनिक्स ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आयुर्वेद एवं वेलनेस क्लोदिंग ब्रांड मिहो दूसरे और हस्तशिल्प कंपनी ओम इंटीरियर तीसरे स्थान पर रही।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने स्टार्टअप संचालकों को वेंचर कैपिटल फंडिंग, वित्तीय प्रबंधन, विपणन और बाजार विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। पिचैथॉन में पंजाब एंजेल्स नेटवर्क ने सेशन पार्टनर के रूप में सहयोग किया। नेटवर्क के सीईओ सीए साहिल मक्कर, क्वांटिया ग्रेविटास (यूएई) के ग्लोबल प्रेसिडेंट डॉ. मुनीश जिंदल, फाउंडरएक्स की सीईओ डॉ. नैन्सी जुनेजा और वरिष्ठ सलाहकार संतोष नौटियाल सहित अन्य विशेषज्ञों ने उद्यमियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। वहीं, इकारा फाइनेंशियल्स की संस्थापक एवं सीईओ अनिमा मिश्रा ने स्टार्टअप्स को निवेश के लिए तैयार करने के संबंध में विशेष सत्र लिया।
एक्सपो में आयुर्वेद, फूड प्रोसेसिंग, हथकरघा, हस्तशिल्प, ऑर्गेनिक और पहाड़ी उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए, जिन्हें लोगों ने खूब सराहा। आयोजन के पहले दिन हिमालयी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के सहयोग से राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसमें विशेषज्ञों ने आयुर्वेद, हर्बल शोध और वेलनेस क्षेत्र में नवाचार एवं रोजगार की संभावनाओं पर विचार रखे।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त पीसी जोशी और एनएसआईसी के अश्विनी कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने सरकारी योजनाओं और उद्यमिता से जुड़ी जानकारियां दीं। मोहित नेचुरल एंड वेलनेस सेंटर के कमल बहादुर और अमित चंदोला ने अपने उद्यम स्थापित करने के अनुभव साझा किए। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ने प्रतिभागी उद्यमियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस मौके पर जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक आरपी आर्य, सहायक प्रबंधक अंकित सिंह, विजेंद्र सिंह, देवेंद्र नाथ, विनय कुमार, रवींद्र सिंह, देवेंद्र मेहता, कमल जयकृत सहित विभागीय अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।
