ऋषिकेश 24 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश में 26 और 27 नवंबर को दो दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। परिसर के केंद्रीय पुस्तकालय की ओर से आयोजित इस मेले में देश के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित प्रकाशक, वितरक और पुस्तक विक्रेता प्रतिभाग करेंगे।
पुस्तक मेले में हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान, कला, वाणिज्य सहित विभिन्न विषयों की हजारों पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें साहित्य, इतिहास, विज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं, शोध, प्रबंधन, शिक्षा और धर्म-अध्यात्म से जुड़ी पुस्तकें प्रमुख रूप से शामिल रहेंगी। मेले में पुस्तकों की खरीद पर विशेष छूट भी दी जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को किफायती दरों पर अपनी पसंद की पुस्तकें उपलब्ध हो सकेंगी।
पुस्तकालय प्रभारी डॉ. दिनेश चंद्र गोस्वामी ने बताया कि पुस्तक मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा उन्हें नवीनतम और गुणवत्तापूर्ण साहित्य एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि पुस्तक मेले का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अंबरीश कुमार महाजन करेंगे। इस अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। परिसर के निदेशक सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी मेले का अवलोकन करेंगे। कार्यक्रम में परिसर के विभिन्न विभागों के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
डॉ. गोस्वामी ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधार्थियों और पुस्तक प्रेमियों से पुस्तक मेले में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।
