खटीमा 24 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने शारदा नदी तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया और काला पुल के समीप पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया गंगा स्नान मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और भारत-नेपाल के पारंपरिक संबंधों का प्रतीक है। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की भागीदारी इस मेले को विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। अटल आवास योजना के तहत आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और आवास सहायता बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास भी स्वीकृत किए हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता लागू करने, 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। उन्होंने अधिकारियों को मेले में सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर वोकल फॉर लोकल का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार, निर्मला बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
