देहरादून 25 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड के विकास और राज्य की प्रगति पर आधारित गीत ‘बेटा हिमालय का’ का विमोचन किया। टीम उत्तराधुन की ओर से तैयार इस गीत में प्रदेश की विकास यात्रा, पर्यटन विस्तार, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के बढ़ते अवसरों को गीत-संगीत के माध्यम से दर्शाया गया है।
‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम पर आधारित इस गीत में प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। साथ ही स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को भी इसमें शामिल किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गीत निर्माण से जुड़े कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का प्रभावी माध्यम है। ऐसी रचनात्मक प्रस्तुतियां प्रदेश की उपलब्धियों और विकास की संभावनाओं को आमजन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के साथ महिला सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना भी सरकार की प्राथमिकता है।
